
संवाददाता : कृष्णा दत्ता
बोकारो : जरीडीह प्रखंड अंतर्गत जैनामोड़ चौक में शनिवार को चास प्रखंड के शिबू टांड निवासी कन्हाई प्रसाद महतो ने 33 क्विंटल धान के साथ किरासन तेल छिड़क कर आत्मदाह करने का प्रयास किया। जानकारी के अनुसार शिबू टांड़ निवासी कन्हाई प्रसाद महतो बीते 26 दिसंबर से गायछन्दा स्थित पैक्स में अपने धान को जमा करने का प्रयास कर रहे थे। परंतु गायछन्दा पैक्स के अध्यक्ष हरि नारायण दास के द्वारा पैक्स में धान जमा लेने को लेकर रोजाना बहाना बनाया जा रहा था।
वही किसान कन्हाई प्रसाद ने कहा कि बीते 26 दिसम्बर से अपने धान को पैक्स में जमा करने का प्रयास कर रहा हूँ और आज जब जमा करने गया तो मात्र 134 किलो धान लेने के बाद 33 क्विंटल धान को रिजेक्ट बोलकर वापस कर दिया गया। अब मेरे द्वारा किसानी के लिए जो कर्ज लिया गया था उसे चुका पाना मुश्किल है इसलिए धान सहित आत्मदाह करने का प्रयास किया। वही घटना की सूचना मिलते ही जरीडीह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसान को आत्मदाह करने से रोककर अपने साथ थाना ले गई।