
संवाददाता : समर साह
चक्रधरपुर : चक्रधरपुर प्रखंड की भरनिया पंचायत के गुंजा गांव में गुरुवार को आपके अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के तहत शिविर लगाया गया। शिविर का शुभारंभ पंचायत की मुखिया सुशीला सामड, पंचायत सचिव अरुण कुमार महतो, प्रखंड कृषि पदाधिकारी दिलीप कुमार महतो, कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष विजय सिंह सामड ने दीप जलाकर किया। शिविर के दौरान मुख्य रुप से बीडीओ संजय कुमार सिन्हा भी उपस्थित हुये। जहां उन्होंने सरकार की ओर से चलाये जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने को कहा। शिविर के दौरान बीडीओ संजय कुमार सिन्हा व पंचायत की मुखिया सुशीला सामड ने गांव के वृद्ध लोगों के बीच कंबल का भी वितरण किया। शिविर के दौरान राशन कार्ड, मनरेगा, कृषि ऋण माफी, ई-श्रम पोर्टल पर निबंधन समेत अन्य स्टॉल लगाये गये थे। जहां ग्रामीणों से आवेदन जमा लिये गये। साथ ही ऑन द स्पॉट ग्रामीणों की समस्याएं भी दूर की गई।
मौके पर समाजसेवी रामकुमार महतो, गांव के मुंडा कमल किशोर महतो, भरनिया के मुंडा गोरालाल गागराई, डुकरी गांव के अर्जुन महतो, दुड़ियाम के मुंडा विश्वेश्वर महतो, पंचायत प्रतिनिधि व विभिन्न गांव के ग्रामीण मौजूद थे।